उत्तमनगर में एमसीडी ने अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया, कई भोजनालय सील

उत्तमनगर में एमसीडी ने अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया, कई भोजनालय सील

उत्तमनगर में एमसीडी ने अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया, कई भोजनालय सील
Modified Date: March 14, 2026 / 06:19 pm IST
Published Date: March 14, 2026 6:19 pm IST

नयी दिल्ली, 14 मार्च (भाषा) उत्तम नगर में शनिवार को निकाय अधिकारियों ने अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया और कई भोजनालयों को सील किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की टीम ने दिल्ली पुलिस की मदद से कड़े सुरक्षा इंतजाम के बीच अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वाली दुकानों को सील किया। जबकि अवैध संरचनाओं को गिराने के लिए बुलडोजर तैनात किए गए थे।

इस अभियान के तहत उत्तम नगर थाना परिसर के बाहर स्थित भोजनालयों की एक श्रृंखला को निशाना बनाया गया।

यह कार्रवाई जेजे कॉलोनी में परिवार और पड़ोसियों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय युवक तरुण की हत्या के कुछ दिनों बाद की गई है।

पुलिस के अनुसार, होली के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा फेंके गए गुब्बारे का पानी पड़ोसी परिवार की महिला पर गिर गया था जिससे हिंसा भड़क गई थी। इसके बाद इलाके में तनाव फैल गया बढ़ गया और अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठी।

मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, इस कार्रवाई में नगर निगम के बुलडोजर और कई टीम शामिल थीं जिन्होंने ढांचों के अनधिकृत हिस्सों को ध्वस्त किया और अवैध रूप से संचालित हो रही दुकानों को सील किया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी क्योंकि बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्रवाई देखने के लिए घटनास्थल पर जमा हो गए थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ जारी कार्रवाई का हिस्सा है।

उन्होंने कहा, ‘कल सुभाष नगर में लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र को खाली कराया गया था और आज उत्तम नगर में अभियान जारी है।’

अधिकारी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी कार्रवाई संभव है।

भाषा

प्रचेता पवनेश

पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में