संतोष ट्रॉफी का हिस्सा रही केरल की टीम के पूर्व खिलाड़ी के पास एमडीएमए बरामद, गिरफ्तार
संतोष ट्रॉफी का हिस्सा रही केरल की टीम के पूर्व खिलाड़ी के पास एमडीएमए बरामद, गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम, 26 मार्च (भाषा) संतोष ट्रॉफी का हिस्सा रही केरल की टीम के पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी के पास से कथित तौर पर एमडीएमए (मादक पदार्थ) बरामद होने के बाद बृहस्पतिवार को उसे गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने मादक पदार्थ की आपूर्ति के लिए एक ‘डेटिंग’ ऐप का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नजीब खान (50) के रूप में हुई है, जो केरल की टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व खिलाड़ी और राज्य द्वारा संचालित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी (पीएसयू) ‘त्रावणकोर टाइटेनियम प्रोडक्ट्स लिमिटेड’ (टीटीपीएल) के वरिष्ठ कर्मचारी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि मूल रूप से बीमपल्ली निवासी नजीब खान वर्तमान में मनाकाउड में एक किराए के मकान में रह रहा था।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, खान कई हफ्तों से निगरानी में था और बृहस्पतिवार को बेकरी जंक्शन स्थित एक होटल में छापेमारी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उसके पास से चार ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया, जिससे इस गिरोह में शामिल अन्य व्यक्तियों के साथ-साथ खरीदारों के बारे में भी जानकारी मिली।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा यासिर संतोष
संतोष

Facebook


