श्रीनगर, 24 मई (भाषा) पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने रविवार को कहा कि जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में 12 वर्षीय लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म और हत्या की घटना बेहद चौंकाने, विचलित करने वाली है।
जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बडगाम में 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या की खबर से बेहद दुखी हूं। दुष्कर्म के आरोप इस घटना को और भी अधिक चौंकाने वाला, विचलित करने वाला और भयावह बना देते हैं। यह सोचकर ही रोंगटे खड़े हो जाते हैं कि क्या हमारे बच्चे वास्तव में सुरक्षित हैं।’’
एक नाबालिग लड़की शनिवार को लापता हो गई थी और उसका शव रविवार को बरामद किया गया। पुलिस ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह दुष्कर्म और हत्या का मामला प्रतीत होता है।
सामाजिक कल्याण मंत्री सकीना इटू ने इस दुखद घटना के बाद शोक संतप्त परिवार से एकजुटता और संवेदना व्यक्त करने के लिए बडगाम का दौरा किया।
परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए मंत्री ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और उन्हें आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में सरकार पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इटू ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सभ्य समाज के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य बताया।
उन्होंने कहा कि इस कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और दोषियों को ऐसी सजा देने की मांग की, जो मिसाल बने।
भाषा गोला जोहेब
जोहेब