कोलकाता में नाबालिग ने मादक पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया, जांच जारी

Ads

कोलकाता में नाबालिग ने मादक पदार्थ खिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया, जांच जारी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 10:22 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 10:22 PM IST

कोलकाता, 24 मई (भाषा) एक लड़की ने आरोप लगाया है कि करीब एक महीने पहले कोलकाता के दक्षिणी इलाके में कार में लिफ्ट लेने के बाद दो लोगों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

सरसुना पुलिस थाने में नाबालिग की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने यौन उत्पीड़न का वीडियो बनाया और बाद में उस फुटेज का इस्तेमाल पीड़िता को डराने-धमकाने के लिए किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना कथित तौर पर अप्रैल में तब घटी जब लड़की ने बेहाला के पास एक वाहन में लिफ्ट ली। उन्होंने बताया कि कार में लड़की का एक परिचित भी मौजूद था।

अधिकारी ने कहा, “यात्रा के दौरान, लड़की को कथित तौर पर कोई खाद्य पदार्थ खिलाया गया जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बाद में उसने बताया कि उसे दूसरी जगह होश आया और उसे एहसास हुआ कि उसका यौन उत्पीड़न हुआ है।”

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जांचकर्ता दोनों आरोपियों की पहचान करने, घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए वाहन का पता लगाने और अपराध के सटीक स्थान की पुष्टि करने की कोशिश कर रहे हैं।

अधिकारी ने बताया, “पीड़ित परिवार ने कुछ देरी के बाद पुलिस से संपर्क किया क्योंकि लड़की कथित तौर पर सदमे में थी। बयान दर्ज कर लिए गए हैं और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस शिकायत में उल्लिखित एक अन्य लड़की की भूमिका की भी जांच कर रही है।

भाषा प्रशांत धीरज

धीरज