नाबालिग के यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोप में नाबालिग को पकड़ा गया
नाबालिग के यौन उत्पीड़न और हत्या के आरोप में नाबालिग को पकड़ा गया
पुदुकोट्टई, 28 जून (भाषा) पुदुकोट्टई जिले में करमबाकुडी के पास नौ साल के लड़के का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और उसकी हत्या करने के आरोप में 17 साल के एक नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह मामला पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत वडाकाडु पुलिस द्वारा संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज किया गया था लेकिन अब इसमें हत्या और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस ने बताया कि पीड़ित बच्चा चौथी कक्षा का छात्र था और उसके पिता खेतिहर मज़दूर हैं। वह 27 जून की देर रात करुककुरिचि गांव में अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर एक तालाब के पास मृत पाया गया। शाम करीब 6:30 बजे दोस्तों के साथ खेलने निकला यह लड़का मृत अवस्था में मिला; उसके गले और चेहरे पर चोट के निशान थे और उसकी पैंट गायब थी।
पुलिस के मुताबिक, जांच करने वाली टीम ने खोजी कुत्तों की मदद से घटनास्थल का मुआयना किया। 28 जून की सुबह मामले में एक अहम सुराग मिला, जब पीड़ित के साथ खेल रहे बच्चों ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसी इलाके में रहने वाला 17 वर्षीय संदिग्ध गायब होने से कुछ देर पहले ही उस छोटे लड़के को अपने साथ ले गया था।
जानकारी के आधार पर, पुलिस ने पूछताछ के लिए किशोर को हिरासत में लिया।
पुलिस के एक सूत्र ने बताया, ‘जांच के दौरान लड़के ने कबूल किया कि उसने नौ साल के बच्चे के साथ यौन दुर्व्यवहार करने की कोशिश की थी। जब बच्चे ने विरोध किया और भागने की कोशिश की, तो उसने कपड़े से उसका गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।’
इसके बाद, सोमवार सुबह नाबालिग आरोपी को किशोर सुधार गृह में भेज दिया गया।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


