श्रीनगर, 24 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में लापता बताई जा रही 12-वर्षीय एक लड़की रविवार को अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर मृत पाई गई। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया बलात्कार और हत्या का मामला माना है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की के शनिवार शाम को जिले के गलवानपोरा इलाके से लापता होने की सूचना मिली थी।
बडगाम के एसएसपी हरिप्रसाद के. के. ने कहा, ‘‘एक नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला दर्ज किया गया और तलाशी अभियान चलाया गया। दुर्भाग्य से आज सुबह लड़की का शव मिला।’
उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह बलात्कार और हत्या का मामला प्रतीत होता है। हमने प्राथमिकी में कानून की संबंधित धाराएं जोड़ दी हैं।’’
इसी बीच, कश्मीर के प्रमुख मौलवी मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि वह इस घटना से ‘‘दुखी और बेहद परेशान’’ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना से जुड़ी परिस्थितियां अत्यंत पीड़ादायक हैं और इसने हर इंसान की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।’’
मीरवाइज ने कहा कि ऐसी घटनाएं लोगों में भय, दुख और गहरी चिंता फैलाती हैं और हर स्तर पर गंभीर आत्मनिरीक्षण की मांग करती हैं।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश