जयपुर सोल्जराथॉन में 4,500 से अधिक सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया
जयपुर सोल्जराथॉन में 4,500 से अधिक सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया
जयपुर, 15 मार्च (भाषा) जयपुर मिलिट्री स्टेशन में रविवार को आयोजित ‘जयपुर सोल्जराथॉन 2026’ के पहले संस्करण में 4,500 से अधिक धावकों ने भाग लिया। इनमें सेवारत सैनिक, पूर्व सैनिक, पेशेवर खिलाड़ी, विद्यार्थी और आम नागरिक शामिल थे।
सोल्जराथॉन के संरक्षक और मिजोरम के राज्यपाल वी. के. सिंह ने दक्षिण-पश्चिमी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह की उपस्थिति में मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम का आयोजन गांडीव स्टेडियम में हुआ। इसका उद्देश्य फिटनेस, अनुशासन और सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना था। इसका विषय ‘‘सैनिकों के साथ दौड़ो, सैनिकों के लिए दौड़ो’’ था।
इस दौड़ के माध्यम से पैराप्लेजिया (कमर से नीचे के हिस्से का लकवा) से पीड़ित एवं रीढ़ की हड्डी की चोट झेल चुके सैनिकों के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई और ‘पैराप्लेजिक पुनर्वास केंद्र’ का समर्थन किया गया।
इस कार्यक्रम में कई दौड़ श्रेणियां शामिल थीं, जिनमें 21 किलोमीटर ‘हाफ मैराथन’, 10 किलोमीटर ‘टाइम्ड रन’, पांच किलोमीटर ‘ट्रिब्यूट रन’, तीन किलोमीटर ‘फन रन’ शामिल थे। इसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर मिला।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान जुम्बा सेशन, पंजाबी ढोल और भांगड़ा प्रस्तुतियां, गटका मार्शल आर्ट प्रदर्शन, आर्मी बैंड की धुनें, फेस पेंटिंग जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं।
उन्होंने बताया कि विजेताओं को नकद पुरस्कार भी दिए गए, जिनमें 21 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं के लिए 10,000 रुपये नकद और 10 किलोमीटर दौड़ के विजेताओं के लिए 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार शामिल था, साथ ही विभिन्न आयु वर्गों में ‘रनर-अप’ रहे प्रतिभागियों को भी पुरस्कार दिए गए।
भाषा बाकोलिया सुरभि
सुरभि

Facebook


