भारत में कोविड रोधी टीके की अब तक 60 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं: सरकार

Ads

भारत में कोविड रोधी टीके की अब तक 60 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं: सरकार

  •  
  • Publish Date - August 25, 2021 / 06:02 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:31 PM IST

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि देश में दी गईं कोविड-19 रोधी टीके की खुराकों की संख्या बुधवार को 60 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की ‘सबको टीका, मुफ्त टीका’ पहल के तहत, भारत ने 60 करोड़-टीकाकरण का आंकड़ा पार किया। सभी को बधाई!’’

मंत्री ने कहा कि भारत को 10 करोड़ का आंकड़ा छूने में 85 दिन लगे थे और इसके बाद 20 करोड़ का आंकड़ा पार करने में 45 दिन तथा 30 करोड़ तक पहुंचने में 29 दिन और लगे थे।

मांडविया ने बताया कि देश को 30 करोड़ से 40 करोड़ तक के आंकड़े पर पहुंचने में 24 दिन लगे तथा फिर छह अगस्त को 50 करोड़ के आंकड़े को पार करने में 20 दिन और लगे जबकि 60 करोड़ के आंकड़े को पार करने में 19 दिन और लगे।

देशभर में टीकाकरण अभियान 16 जनवरी को शुरू किया गया था, जिसमें सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों (एचसीडब्ल्यू) को टीका लगाया गया था और दो फरवरी से अग्रिम मोर्चे के कर्मियों (एफएलडब्ल्यू) का टीकाकरण शुरू किया गया था।

कोविड-19 टीकाकरण का अगला चरण एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए शुरू हुआ था। देश में एक अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया गया था।

सरकार ने फिर एक मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी पात्र लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया था।

भाषा

देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

शीर्ष 5 समाचार