हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले मां-बेटे ब्रिटेन में मेयर चुने गए

Ads

हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले मां-बेटे ब्रिटेन में मेयर चुने गए

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 07:57 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 07:57 PM IST

चंडीगढ़, 24 मई (भाषा) हरियाणा के रोहतक के एक परिवार के 23 वर्षीय तुषार कुमार और उनकी मां परवीन रानी ब्रिटेन में मेयर चुने गए हैं। वे 2013 में वहां गए थे और वहीं बस गए।

तुषार ने ब्रिटेन में सबसे कम उम्र के भारतीय मूल का मेयर बनकर इतिहास रच दिया है।

तुषार एल्स्ट्री और बोरेहमवुड टाउन काउंसिल के अब तक के सबसे युवा मेयर बने हैं, जबकि एक सप्ताह बाद उनकी मां हर्ट्समेयर बरो काउंसिल की भारतीय मूल की पहली मेयर चुनी गईं।

तुषार के पिता सुनील दहिया ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि तुषार 13 मई को मेयर चुने गए, जबकि परवीन 20 मई को मेयर बनीं।

परिवार का पैतृक गांव रोहना, हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखोदा में है। परिवार 2013 में ब्रिटेन जाने से पहले लंबे समय तक रोहतक में रह रहा था।

दहिया एक व्यवसायी हैं। उन्होंने कहा कि जब वह अपनी पत्नी परवीन और दो बच्चों के साथ 2013 में ब्रिटेन आए तो उनके मन में कोई खास योजना नहीं थी।

उन्होंने कहा, ‘हम 2013 में ब्रिटेन आए, उस समय तुषार सिर्फ 10 साल का था।’

दहिया ने बताया, ‘‘तुषार और उसकी मां, ब्रिटेन में जन्मे और पले-बढ़े लोगों को मुफ्त में हिंदी पढ़ाया करते हैं। तुषार एक धर्मार्थ संस्था, हिंदी शिक्षा परिषद से भी जुड़ा हुआ है।’’

उन्होंने बताया कि उन दोनों ने पहली बार 2023 में चुनाव लड़ा था और वे पार्षद चुने गए थे।

भाषा

शुभम सुभाष

सुभाष