अमरनाथ यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही : जम्मू-कश्मीर पुलिस

Ads

अमरनाथ यात्रा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही : जम्मू-कश्मीर पुलिस

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 08:35 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 08:35 PM IST

उधमपुर, 24 मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर में तीन जुलाई से शुरू होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए मजबूत बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है तथा सुरक्षा एजेंसियां रियासी और उधमपुर जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी कर रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

रियासी-उधमपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। डीआईजी शर्मा माता वैष्णो देवी और शिव खोड़ी तीर्थस्थलों तथा दोनों जिलों में आने वाले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा और परिचालन क्षेत्रों की निगरानी करते हैं।

करीब 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा तीन जुलाई से दो मार्गों-अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग से शुरू होगी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी।

शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘फिलहाल हमारा सबसे अधिक ध्यान अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों पर है। सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं और हम पूरी तरह तैयार हैं। हमारी सभी टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं और प्रशासन, निजी परिवहन संचालकों तथा अन्य हितधारकों के साथ करीबी समन्वय बनाए रखा जा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि हालिया सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और अभियान गतिविधियां तेज कर दी हैं तथा सभी संवेदनशील और उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

डीआईजी ने कहा, ‘‘हम सभी संवेदनशील स्थानों पर करीबी नजर रख रहे हैं। खुफिया सूचनाओं और विभिन्न स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर तलाशी अभियान और सतर्कता बढ़ाने जैसे आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि सेना, पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच निर्बाध खुफिया साझेदारी और परिचालन समन्वय बना हुआ है, ताकि व्यापक सुरक्षा कवच सुनिश्चित किया जा सके।

शर्मा ने कहा, ‘‘सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच मजबूत खुफिया समन्वय है और सभी सुरक्षा उपाय लागू किये गए हैं। रियासी और उधमपुर जिलों में स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है और जहां आवश्यकता है वहां सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा रही है।’’

उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा बल स्थानीय समुदायों के साथ सक्रिय रूप से संवाद कर रहे हैं तथा लोगों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना देने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।

डीआईजी ने कहा, ‘‘हम विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उनसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने का आग्रह कर रहे हैं। शांति और सुरक्षा बनाए रखने में जनता का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।’’

लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए डीआईजी ने निवासियों और श्रद्धालुओं से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि अमरनाथ गुफा मंदिर के साथ-साथ माता वैष्णो देवी और शिव खोड़ी मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए एंबुलेंस सेवाओं, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी लगातार निगरानी की जा रही है।

जनता से सहयोग की अपील करते हुए डीआईजी ने निवासियों और श्रद्धालुओं से सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने तथा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष

सुभाष