चुनावी राज्यों में कई मतदान केंद्र होंगे अनूठे

चुनावी राज्यों में कई मतदान केंद्र होंगे अनूठे

चुनावी राज्यों में कई मतदान केंद्र होंगे अनूठे
Modified Date: March 15, 2026 / 07:33 pm IST
Published Date: March 15, 2026 7:33 pm IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में 1,500 से कम मतदाताओं वाले तीन मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए निर्वाचन आयोग की टीम को बक्सा बाघ अभयारण्य की पहाड़ियों से होकर गुजरना होगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने रविवार को यह जानकारी दी।

कुमार ने विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित करने के लिए यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए असम, केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु राज्यों तथा पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में स्थित अनूठे मतदान केंद्रों पर प्रकाश डाला।

सीईसी ने कहा, ‘‘मतदान टीम असम के माजुली से नौका और सड़क मार्ग से 50-60 किलोमीटर की कठिन यात्रा करती हैं, ब्रह्मपुत्र नदी को पार करती हैं और अंत में ट्रैक्टर से 248 मतदाताओं वाले सुदूर धनेखाना मतदान केंद्र पहुंचती हैं।’’

कुमार ने बताया कि केरल के एडामलकुड्डी के आदिवासी क्षेत्र में स्थित एक बूथ पर कुल 693 मतदाता पंजीकृत हैं और यह एक अनूठा दूरस्थ मतदान केंद्र है। उन्होंने कहा कि चुनाव अधिकारी विशेष वाहनों पर ऊबड़-खाबड़ दुर्गम इलाके से होते हुए 30 किलोमीटर की यात्रा करने के बाद, आठ किलोमीटर पैदल चलकर इस मतदान केंद्र तक पहुंचते हैं।

सीईसी के मुताबिक, अलीपुरद्वार जिले में, मतदान टीम बक्सा बाघ अभयारण्य की पहाड़ियों से होते हुए तीन मतदान केंद्रों तक पहुंचती हैं, जहां क्रमश: बक्सा में 759, चुनाभट्टी में 235 और अदमा में 445 मतदाता पंजीकृत हैं।

उन्होंने बताया कि तमिलनाडु के थेनी जिले में वरुसनद पहाड़ियों में, मतदान अधिकारी वेल्लीमलाई मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए कठिन इलाकों से होते हुए तीन घंटे की यात्रा करते हैं जहां मात्र पांच मतदाता पंजीकृत हैं।

कुमार ने कहा, ‘‘पुडुचेरी में 1885 में निर्मित वी ओ चिदंबरम पिल्लई स्कूल को एक मॉडल मतदान केंद्र के रूप में नामित किया गया है, जिसमें क्रमशः 722 और 651 मतदाताओं वाले दो मतदान केंद्र हैं।’’

निर्वाचन आयोग ने रविवार को चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की।

आयोग के मुताबिक, असम, केरल, पुडुचेरी में एक ही चरण में नौ अप्रैल को और तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में क्रमश: 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा।

आयोग ने बताया कि चारों राज्यों और पुडुचेरी की सभी 824 सीट के लिए मतगणना चार मई को की जाएगी।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में