नीट पेपर लीक मामले में अदालत ने आरोपी शुभम खैरनार को छह जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा
नीट पेपर लीक मामले में अदालत ने आरोपी शुभम खैरनार को छह जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा
नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने रविवार को नीट पेपर लीक मामले में आरोपी शुभम खैरनार को छह जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विशेष न्यायाधीश रुचि अग्रवाल ने आरोपी की न्यायिक हिरासत संबंधी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का अनुरोध स्वीकार कर लिया।
इससे पहले, अदालत ने 14 मई को कहा था कि आरोपियों के गोपनीय परीक्षा प्रश्नपत्र को आर्थिक लाभ के लिए लीक करने वाले “संगठित गिरोह” में संलिप्तता के संकेत मिलते है, जिसके बाद खैरनार और चार अन्य को सात दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया था।
इसके बाद, सीबीआई ने अदालत से कहा था कि आरोपी से आगे पूछताछ जरूरी है, ताकि उन सह-आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जा सके, जिन्हें उसने (खैरनार ने) कथित तौर पर नीट-यूजी का प्रश्नपत्र बेचा था। इसपर अदालत ने 20 मई को खैरनार की हिरासत पांच दिन के लिए बढ़ा दी थी।
सीबीआई ने कहा था कि इस बड़ी साजिश और लीक हुए प्रश्न-पत्र के स्रोत का पता लगाना होगा और आरोपियों को महाराष्ट्र के नासिक सहित देश के विभिन्न हिस्सों में ले जाना होगा।
एजेंसी के अनुसार, खैरनार से उन स्थानों की पहचान के लिए भी पूछताछ की जानी थी, जहां कुछ अभ्यर्थियों को कथित तौर पर प्रश्नपत्र दिए गए थे।
इस बीच अदालत से जुड़े सूत्रों ने बताया कि पुणे की भौतिकी प्रवक्ता मनीषा संजय हवलदार, फिलहाल ट्रांजिट रिमांड में हैं और उन्हें सोमवार को संबंधित अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। हवलदार को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों ने बताया कि मामले के पांच अन्य आरोपियों को भी 25 मई को सीबीआई हिरासत समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा।
सीबीआई अब तक इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच दो दिन बाद रद्द कर दिया गया था।
सरकार ने इस मामले में कथित “अनियमितताओं” की व्यापक जांच करने का जिम्मा सीबीआई को सौंपा है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


