असम NRC को लेकर संसद में हंगामा, उधर ममता ने कहा- बंगाली लोगों को निशाना बना रही है सरकार
असम NRC को लेकर संसद में हंगामा, उधर ममता ने कहा- बंगाली लोगों को निशाना बना रही है सरकार
नई दिल्ली। असम में सोमवार को जारी हुए नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन(एनआरसी) के फाइनल ड्राफ्ट पर राजनीतिक हंगामा शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने लिस्ट से 40 लाख लोगों के बाहर होने के मुद्दे पर राज्यसभा में हंगामा किया। इससे सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी। लोकसभा में भी विपक्ष इसे लेकर नारेबाजी करता रहा। वहीं गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि इस मुद्दे पर हंगामा किए जाने की जरूरत नहीं और जिसका भी नाम ड्राफ्ट में नहीं है उसे दावा करने का पर्याप्त मौका मिलेगा। वहीं इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
लोकसभा में इस मामले में बयान देते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि, ‘जो ड्राफ्ट आया है वह अंतिम नहीं है। इसके बाद भी दावा किया जा सकता है। जिन्हें लगता है कि उनका नाम इसमें होना चाहिए वे एनआरसी में दावा कर सकते हैं। इस दावे का निबटारा कितने दिन में होगा, इस बारे में फैसला सुप्रीम कोर्ट ल्करेगा। अगर कोई इससे भी संतुष्ट नहीं होता है तो वह फॉरनर्स ट्राइब्यूनल में अपील कर सकते हैं। कहीं न कहीं तो न्याय मिलेगा ही। मैं पूरे सदन से अपील करना चाहता हूं कि इसमें सभी का सहयोग मिलना चाहिए। यह मामले सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में है। इस तरह के संवेदनशील मुद्दे पर हंगामा नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : भारतीय ओपनर मंधाना बनीं महिला टी-20 में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली दूसरी बल्लेबाज
यह मुद्दा लोकसभा में TMC, कांग्रेस और लेफ्ट ने उठाया था। गृहमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने लोकसभा से बहिर्गमन किया। बता दें कि नागरिकता के लिए 3,29,91,380 लोगों ने नागरिकता के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 2,89,38, 677 को नागरिकता के लिए योग्य पाया गया है।
वहीं इस मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी ने भी केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि NRC के नाम पर बंगाली लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ममता ने कहा कि कई लोगों के पास आधार कार्ड और पासपोर्ट होने के बावजूद उनका नाम ड्राफ्ट में नहीं है। उन्हें सरनेम की वजह से बाहर किया गया है। क्या बीजेपी सरकार जबरदस्ती लोगों को बाहर निकालना चाहती है। ममता ने कहा कि केंद्र सरकार बंगाली लोगों को निशाना बना रही है और वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


