एनटीए ने नीट-यूजी 2026 के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा शहरों के बारे में जानकारी दी
एनटीए ने नीट-यूजी 2026 के लिए परीक्षार्थियों को परीक्षा शहरों के बारे में जानकारी दी
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा के लिए रविवार को परीक्षार्थियों को प्रस्तावित परीक्षा शहरों की जानकारी दी।
एनटीए ने ‘एक्स’ एक पोस्ट में कहा कि उम्मीदवार अब नीट-यूजी 2026 के लिए आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड से लॉग-इन करके अपनी पर्ची देखनी और डाउनलोड करनी होगी।
एजेंसी की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, पुनर्परीक्षा 21 जून को दोपहर दो बजे से शाम 5:15 बजे तक ‘पेन-एंड-पेपर’ (कंप्यूटर रहित) मोड में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में होगी।
एनटीए ने स्पष्ट किया कि परीक्षा शहर सूचना पर्ची ‘एडमिट कार्ड’ नहीं है। इसे केवल उम्मीदवारों को यह बताने के लिए जारी किया गया है कि उनका परीक्षा केंद्र किस शहर में होगा।
गौरतलब है कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) 2026 परीक्षा इस वर्ष तीन मई को आयोजित की गई थी, लेकिन प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने 12 मई को इसे रद्द कर दिया था।
इस मामले की जांच फिलहाल केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) कर रहा है और पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


