ओडिशा : जाति प्रमाणपत्र के लिए रिश्वत मांगने पर सहायक राजस्व निरीक्षक निलंबित

Ads

ओडिशा : जाति प्रमाणपत्र के लिए रिश्वत मांगने पर सहायक राजस्व निरीक्षक निलंबित

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 12:19 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 12:19 PM IST

भुवनेश्वर, नौ जून (भाषा) ओडिशा सरकार ने छात्रों से जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने के आरोप में एक सहायक राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, निलंबित निरीक्षक को संबलपुर जिले के सदर-चतुर्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) सर्किल, सदर तहसील में तैनात किया गया था।

उस पर आरोप है कि वह शैक्षणिक संस्थानों में दाखिले के लिए आवश्यक जाति प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में प्रत्येक आवेदक से 3,000 रुपये की मांग कर रहा था।

आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि के दौरान आरोपी अधिकारी का मुख्यालय कुचिंडा के उप-जिलाधिकारी कार्यालय में निर्धारित किया गया है।

उसे बिना सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगा दी गई है और वह केवल जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करेगा।

सदर, संबलपुर के तहसीलदार को निलंबन आदेश स्वयं तामील कराने, प्राप्ति की पुष्टि लेने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए आरोप पत्र का मसौदा प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

इससे पहले, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरबिंद पाढ़ी ने सभी जिला कलेक्टरों को छात्रों के लिए जाति प्रमाणपत्र शीघ्र जारी करने सुनिश्चित करने के लिए पत्र लिखा था।

राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने भी कहा था कि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिला प्रशासन को प्रक्रिया पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए थे।

भाषा मनीषा

मनीषा