अमरावती से जुड़े विधेयक पर तेदेपा ने कहा: चंद्रबाबू की प्रतिबद्धता के कारण यह संभव हुआ
अमरावती से जुड़े विधेयक पर तेदेपा ने कहा: चंद्रबाबू की प्रतिबद्धता के कारण यह संभव हुआ
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) तेलुगू देसम पार्टी (तेदेपा) ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की स्थायी राजधानी के रूप में मान्यता देने वाले विधेयक को ऐतिहासिक कदम करार देते हुए बुधवार को लोकसभा में कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की प्रतिबद्धता के कारण यह दिन देखना संभव हुआ।
तेदेपा सांसद और केंद्रीय मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने ‘आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2026’ पर चर्चा में भाग लेते हुए इस विधेयक के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह से अमरावती को राजधानी बनने से रोका, उसके लिए इतिहास उन्हें तथा उनकी पार्टी को माफ नहीं करेगा।
पेम्मासानी ने विधेयक का स्वागत करते हुए कहा कि अब अमरावती प्रदेश की स्थायी राजधानी बन जाएगी।
उन्होंने कहा कि अमरावती को राजधानी बनाने के लिए 29 हजार किसानों ने हजारों एकड़ जमीन दी है।
उनका कहना था, ‘‘चंद्रबाबू नायडू की प्रतिबद्धता के कारण आज हम यह दिन देख पाए हैं।’’
उन्होंने कहा कि इसमें नायडू का बड़ा राजनीतिक संघर्ष था।
पेम्मासानी ने कहा, ‘‘अब आंध्र प्रदेश के लोग आशान्वित हैं कि उन्हें वैश्विक स्तर की राजधानी मिलेगी।’’
पेम्मासानी ने आरोप लगाया कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के नेता वाईएस जगनमोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री रहते हुए पांच महत्वपूर्ण साल गंवा दिए और प्रदेश को स्थायी राजधानी नहीं मिल सकी।
भाषा हक हक वैभव
वैभव

Facebook


