ओबीसी आरक्षण पर भाजपा सांसद के बयान के विरोध में राज्यसभा से विपक्ष का बहिर्गमन
ओबीसी आरक्षण पर भाजपा सांसद के बयान के विरोध में राज्यसभा से विपक्ष का बहिर्गमन
नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) राज्यसभा में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य के. लक्ष्मण द्वारा ओबीसी आरक्षण के कथित दुरुपयोग का मुद्दा उठाए जाने के विरोध में कुछ विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट किया।
शून्यकाल के दौरान लक्ष्मण ने ओबीसी आरक्षण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धर्म के आधार पर इसका दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राज्य मुस्लिम समुदाय को आरक्षण का लाभ दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे “धर्म-आधारित आरक्षण” की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की।
लक्ष्मण के बयान के दौरान ही विपक्ष के कुछ सदस्यों ने आपत्ति जताई। उनके वक्तव्य को लेकर सदन में हंगामा होने लगा। इसके बाद लगभग पूरा विपक्ष विरोध स्वरूप सदन से बाहर चला गया।
सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने विपक्ष के इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व और विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की न तो बहस में रुचि है और न ही उनके मन में लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान का सम्मान है।
नड्डा ने कहा कि विपक्षी दल संसदीय प्रक्रियाओं का सम्मान नहीं करते और चर्चा से बचने की कोशिश करते हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे मुसलमानों को केवल वोट बैंक के रूप में देखते हैं और तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं।
इस मुद्दे पर सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
भाषा मनीषा माधव
माधव

Facebook


