लोगों की शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाए : गुजरात के नए डीजीपी

Ads

लोगों की शिकायतों का समाधान स्थानीय स्तर पर किया जाए : गुजरात के नए डीजीपी

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 10:29 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 10:29 PM IST

गांधीनगर, नौ जून (भाषा) गुजरात के नव नियुक्त पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने मंगलवार को गांधीनगर में जनसंपर्क केंद्रों के कामकाज की समीक्षा की और कहा कि ये केंद्र कानून लागू करने वालों और नागरिकों के बीच भरोसे का एक मजबूत पुल हैं।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, “जी.एस. मलिक ने नागरिकों की शिकायतों और सुझावों की विस्तार से समीक्षा करने के लिए गांधीनगर में गृह विभाग के जनसंपर्क केंद्र और पुलिस भवन स्थित जनसंपर्क केंद्र का औचक दौरा किया।”

विज्ञप्ति में कहा गया है कि दौरे के दौरान, सीनियर आईपीएस अधिकारी ने शिकायतें सौंपने आए आवेदकों से बातचीत की।

विज्ञप्ति में मलिक के हवाले से कहा गया है कि गांधीनगर केंद्र में नागरिक किस तरह की समस्याएं लेकर आते हैं, उनकी मुख्य चिंताओं का स्वरूप क्या है और सबसे ज्यादा आवेदक किन जिलों से आते हैं, यह समझने के लिए एक विस्तृत समीक्षा की गई थी।

सोमवार को पदभार संभालने वाले डीजीपी ने कहा कि गृह विभाग एक ऐसा असरदार तंत्र बनाने पर काम कर रहा है जिससे नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य की राजधानी तक लंबी यात्रा न करनी पड़े, बल्कि उनकी शिकायतों का समाधान स्थानीय (ज़िला) स्तर पर ही संतोषजनक ढंग से हो जाए।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गांधीनगर में मिले सभी आवेदनों को संबंधित जिले या इकाइयों को भेज दिया गया है, ताकि यह पक्का किया जा सके कि आवेदकों की शिकायतों का जल्द, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान हो।

मलिक ने इस बात पर जोर दिया कि जनसंपर्क केंद्र पुलिस और नागरिकों के बीच भरोसे के एक मजबूत पुल का काम करते हैं।

भाषा प्रशांत संतोष

संतोष

शीर्ष 5 समाचार