आदि कैलाश तीर्थयात्रियों के लिए पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में नयी परमिट सुविधा शुरू
आदि कैलाश तीर्थयात्रियों के लिए पिथौरागढ़ जिला अस्पताल में नयी परमिट सुविधा शुरू
पिथौरागढ़, 24 मई (भाषा) आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा को सुगम बनाने के लिए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने रविवार को एक नयी सुविधा शुरू की। इसके तहत श्रद्धालु अब जिला अस्पताल से ही ‘इनर लाइन परमिट’ प्राप्त कर सकेंगे।
तीर्थयात्रा के इस मौसम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आवेदन प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।
जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने बताया कि जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशों पर पिथौरागढ़ जिला अस्पताल के कमरा नंबर 10 में इस नयी सुविधा की शुरुआत की गई है।
अधिकारी ने बताया कि तीर्थयात्री अब अनिवार्य चिकित्सा जांच पूरी करने के तुरंत बाद इस निर्धारित कमरे से अपना ‘इनर लाइन परमिट’ प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने रविवार को 1,645 ‘इनर लाइन परमिट’ जारी किए। नए पंजीकरण के साथ, एक मई को तीर्थयात्रा के मौसम की शुरुआत से लेकर अब तक जारी किए गए ‘इनर लाइन परमिट’ की कुल संख्या 18,561 हो गई है।
आर्य ने कहा, ‘‘तीर्थयात्रियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए, हमने पिथौरागढ़ से भी यह सुविधा शुरू कर दी है।’’
कैलाश मानसरोवर यात्रा के पुनः आरंभ होने के बाद 1981 में आदि कैलाश यात्रा शुरू हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अक्टूबर 2023 में इस स्थल की यात्रा करने के बाद तीर्थयात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
भाषा आशीष प्रशांत
प्रशांत

Facebook


