भारत में तेल संकट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिम्मेदार : आप नेता संजय सिंह
भारत में तेल संकट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिम्मेदार : आप नेता संजय सिंह
भुवनेश्वर, 24 मई (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने रविवार को आरोप लगाया कि भारत में मौजूदा तेल संकट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘जिम्मेदार’ हैं।
सिंह ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि जब भारत के लोग पेट्रोल पंप के सामने घंटों कतारों में खड़े हैं, तब केंद्र सरकार ने अन्य देशों को 52,000 करोड़ रुपये का पेट्रोल और डीजल निर्यात किया।
उन्होंने दावा किया,‘‘ईरान द्वारा भारत को सस्ता कच्चा तेल उपलब्ध कराया जा रहा था। हालांकि, अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के कारण आप (केंद्र सरकार) ईरान से कच्चा तेल नहीं खरीद पा रहे हैं।’’
आप के राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के ‘दबाव’ में आकर रूस के साथ अपनी व्यापार नीति में भी बदलाव किया है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘अमेरिका ने चीन पर इसी तरह के प्रतिबंध लगाए हैं, लेकिन चीन ईरान से कच्चा तेल खरीदना जारी रखे हुए है। तो फिर आप ईरान से तेल क्यों नहीं खरीद पा रहे हैं?’’
सिंह ने कहा कि भारत अब वेनेजुएला से कच्चा तेल आयात कर रहा है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला से आने वाले गाढ़े कच्चे तेल को भारत की कुछ ही रिफाइनरी में संसाधित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि ईरान और रूस की तुलना में वेनेजुएला से तेल की यात्रा में अधिक समय लगता है।
सिंह ने दावा किया कि तेल के वेनेजुएला से भारत पहुंचने में लगभग 56 दिन लगते हैं, जबकि रूस से लगभग 25 दिन और ईरान से लगभग सात दिन लगते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘देश में आज जो सबसे बड़ा संकट है, उसके लिए प्रधानमंत्री सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्हें इस संकट से निपटने के तरीके के बारे में सोचना चाहिए और देश के सामने एक स्पष्ट नीति प्रस्तुत करनी चाहिए।’’
आप नेता ने आरोप लगाया, ‘‘इस तरह के फैसले के कारण, आप (केंद्र सरकार) जानबूझकर अमेरिका के राष्ट्रपति के दबाव में देश को खतरे में डाल रहे हैं।’’
उन्होंने यहां पार्टी पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक के बाद कहा कि आप ओडिशा में अपने संगठन को मजबूत करेगी और अगले साल फरवरी या मार्च में होने वाले आगामी पंचायत चुनाव में हिस्सा लेगी।
सिंह ने ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने चुनाव से पहले कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद वे उन्हें ‘भूल गई’।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


