केरल सरकार की नीतियों के केंद्र में होंगे गरीब और हाशिये पर रहने वाले लोग : मुख्यमंत्री सतीशन

Ads

केरल सरकार की नीतियों के केंद्र में होंगे गरीब और हाशिये पर रहने वाले लोग : मुख्यमंत्री सतीशन

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:19 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:19 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

कोच्चि, 24 मई (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार समाज के गरीब और हाशिए पर रहने वाले वर्गों के लिए काम करेगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित करेगी।

सतीशन ने अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र परवूर में आयोजित एक स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य में प्रत्येक गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार के जीवन स्तर में सुधार करना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य केरल को दुनिया के सामने एक प्रगतिशील और समावेशी समाज के रूप में प्रस्तुत करना है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लोगों को कष्ट पहुंचाए बिना अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम करेगी और एक धर्मनिरपेक्ष केरल के निर्माण के लिए प्रयासरत रहेगी जो सभी को समायोजित कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राज्य के भीतर अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने के प्रयास किए जाएंगे ताकि युवाओं को नौकरी की तलाश में विदेश जाने के लिए मजबूर न होना पड़े।

सतीशन ने कहा, ‘‘हम हर मलयाली के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ काम करेंगे।’’

कांग्र्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रमुख सतीशन ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनका निर्वाचित प्रतिनिधि सत्ता के विशेषाधिकारों के पीछे नहीं भागेगा। उन्होंने रेखांकित किया कि वह कभी ऐसा कुछ नहीं करेगा जिससे उसके निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को शर्मिंदगी उठानी पड़े।

अभिनेता मोहनलाल ने स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि केरल के इतिहास में यह एक दुर्लभ घटनाक्रम है कि पूरा राज्य एक व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने के लिए मुखर तरीके से एकजुट हुआ।

उन्होंने कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता ने लोगों को सतीशन की ओर आकर्षित किया होगा।

भाषा धीरज सुभाष

सुभाष