तमिलनाडु में बच्चों के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं: मंत्री राजमोहन

Ads

तमिलनाडु में बच्चों के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं: मंत्री राजमोहन

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 03:24 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 03:24 PM IST

चेन्नई, 24 मई (भाषा) तमिलनाडु के मंत्री राजमोहन ने रविवार को कहा कि बच्चों के खिलाफ अपराध पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार सक्रिय कदम उठा रही है।

उन्होंने कोयंबटूर में 10 वर्षीय बच्ची के यौन उत्पीड़न और हत्या की घटना को ‘‘अस्वीकार्य’’ बताया।

स्कूली शिक्षा मंत्री ने इस घटना को ‘‘बड़ी क्षति’’ करार देते हुए कहा कि ऐसे अपराधों की रोकथाम के लिए सरकार सख्त पुलिस कार्रवाई और जनभागीदारी दोनों स्तरों पर काम कर रही है।

मंत्री ने कहा, ‘‘पुलिस अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई की है। सभी जिलों में आदतन अपराधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र सक्रिय किया गया है।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से बातचीत में राज्य के महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव बहाल किए जाने के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के साथ चर्चा की जाएगी।

मंत्री ने पीड़ितों की सुरक्षा और संस्थागत सहयोग पर जोर देते हुए ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण’ (पॉक्सो) अधिनियम के बारे में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता बताई।

तमिलनाडु के शैक्षणिक संस्थानों में पिछले 20 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं में राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के पक्ष में है।

मंत्री ने दावा किया, “अन्य दलों ने केवल अपनी फिल्मों में छात्र राजनीति को पेश किया, लेकिन वास्तविकता में इसे कभी जमीनी स्तर पर साकार नहीं होने दिया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘छात्रसंघ चुनाव के मुद्दे पर विभागीय पहलुओं की गहन समीक्षा की जाएगी, मुख्यमंत्री के साथ चर्चा होगी और उचित समय पर फैसला घोषित किया जाएगा।’’

इस बीच, तमिलनाडु की उद्योग मंत्री एस. कीर्तना, जिन्हें इस घटना के बारे में मीडिया से बात करते समय मुस्कुराने और अपने अस्पष्ट जवाब के लिए ऑनलाइन काफी आलोचना का सामना करना पड़ा है, ने अपने हावभाव की ‘‘गलत व्याख्या’’ को स्पष्ट करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘यह (मुस्कान) किसी विशेष प्रश्न या घटना पर प्रतिक्रिया नहीं थी। हालांकि, यह दुखद है कि मेरे हावभाव की गलत व्याख्या की गई है और जानबूझकर राजनीतिक उद्देश्यों के लिए गलत सूचना फैलाने के लिए इसे तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है।’’

कीर्तना ने कहा कि ऐसी भावनात्मक रूप से संवेदनशील स्थिति में, निराधार आलोचना, व्यक्तिगत हमले और अनावश्यक हमले चिंताजनक हैं।

भाषा राखी शफीक

शफीक