पंजाब के किसानों ने कृषि नीति लागू करने की मांग को लेकर पांच दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू किया

पंजाब के किसानों ने कृषि नीति लागू करने की मांग को लेकर पांच दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू किया

पंजाब के किसानों ने कृषि नीति लागू करने की मांग को लेकर पांच दिवसीय विरोध प्रदर्शन शुरू किया
Modified Date: September 1, 2024 / 10:09 pm IST
Published Date: September 1, 2024 10:09 pm IST

चंडीगढ़, एक सितंबर (भाषा) पंजाब में भारती किसान यूनियन (उगराहां) और पंजाब खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले किसानों ने पंजाब सरकार द्वारा कृषि नीति लागू करने सहित अपनी मांगों को लेकर रविवार को पांच दिवसीय प्रदर्शन शुरू किया।

पंजाब के विभिन्न हिस्सों से किसान बस, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अपने निजी वाहनों में सवार होकर चंडीगढ़ के सेक्टर 34 स्थित दशहरा मैदान में धरना देने के लिए एकत्र हुए।

प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन के लिए मैदान आवंटित किया था।

किसान कृषि नीति के कार्यान्वयन में कथित देरी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और उनका दावा है कि पंजाब सरकार ने इस संबंध में कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने सत्ता ढाई साल पहले संभाली थी, लेकिन वादा की गई कृषि नीति अभी तक लागू नहीं हुई है।

पंजाब खेत मजदूर यूनियन के महासचिव लछमन सिंह सेवेवाला ने बताया कि किसानों की अन्य मांगों में रसायन मुक्त फसलों को बढ़ावा देना, आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को मुआवजा देना और राज्य में मादक पदार्थ की समस्या पर अंकुश लगाना शामिल है।

भारती किसान यूनियन (उगराहां) के महासचिव सुखदेव सिंह कोकरीकलां ने कहा कि किसान सोमवार को पंजाब विधानसभा की ओर मार्च करेंगे और मुख्यमंत्री तथा विपक्षी नेताओं को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।

भाषा योगेश रंजन

रंजन


लेखक के बारे में