पंजाब : पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

पंजाब : पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार

पंजाब : पाकिस्तानी तस्करों से जुड़े अवैध हथियार मॉड्यूल का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: January 21, 2026 / 08:48 pm IST
Published Date: January 21, 2026 8:48 pm IST

चंडीगढ़, 21 जनवरी (भाषा) पंजाब पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर पाकिस्तान के जरिये अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से छह अत्याधुनिक पिस्तौल और दो कारतूस भी बरामद किए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी हथियारों की अवैध तस्करी में शामिल थे और अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर कुख्यात अपराधियों को हथियारों की आपूर्ति कर रहे थे।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ के जरिए बताया कि अमृतसर आयुक्तालय पुलिस ने छह अत्याधुनिक पिस्तौल (दो ग्लॉक, चार .30 बोर) के साथ दो कारतूस बरामद किए हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान तरन तारन के रट्टोके गांव के गुरप्रीत सिंह उर्फ ​​गोपी (22) और तरन तारन की चेला कॉलोनी के सुरजीत सिंह (35) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुरजीत का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। इस मामले में उसके संबंधों का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।

इस अभियान की जानकारी साझा करते हुए अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि अवैध हथियारों के बारे में मिली सूचनाओं के आधार पर पुलिस की टीमों ने गोपी को गिरफ्तार किया और उससे चार पिस्तौल और दो कारतूस बरामद किए।

लगातार पूछताछ से पता चला कि आरोपी विभिन्न सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के सीधे संपर्क में था। वह ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहा था ताकि इन हथियारों की आपूर्ति कुख्यात अपराधियों को की जा सके।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि गोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने उसके सहयोगी सुरजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया और उससे दो पिस्तौलें जब्त कीं।

उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि सुरजीत सिंह इसी नेटवर्क के हिस्से के रूप में विभिन्न स्थानों पर अवैध हथियारों के परिवहन और वितरण में सक्रिय रूप से शामिल था। इस मामले में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

भाषा रवि कांत रवि कांत संतोष

संतोष


लेखक के बारे में