अमृतसर में पंजाब पुलिस के एएसआई की गोली मारकर हत्या
अमृतसर में पंजाब पुलिस के एएसआई की गोली मारकर हत्या
अमृतसर, 24 मई (भाषा) पंजाब के अमृतसर जिले में मजीठा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हमजा गांव के पास रविवार को मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पंजाब पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, एएसआई जोगा सिंह का शव फतेहगढ़ चूरियां-मजीठा रोड के पास बरामद किया गया। शव पर गोली के निशान थे।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर एएसआई की हत्या करने के बाद मौके से फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब जोगा सिंह स्कूटर पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे और वर्दी में थे।
पुलिस ने बताया कि जोगा सिंह गणिके बांगड़ गांव के निवासी थे।
अमृतसर (ग्रामीण) के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुहैल मीर कासिम ने बताया कि पुलिस को रविवार सुबह एएसआई जोगा सिंह का शव मिलने की सूचना मिली थी।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही मजीठा थाने के प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसएसपी ने बताया कि हमलावरों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शव को बाद में सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
एसएसपी कासिम ने बताया, ‘‘हम सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं, जिनमें व्यक्तिगत दुश्मनी, रोड रेज या अन्य संभावित कारण शामिल हैं।’’
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


