राहुल गांधी ने अंकिता के माता-पिता से बातचीत की
राहुल गांधी ने अंकिता के माता-पिता से बातचीत की
कोटद्वार, चार जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दिवंगत रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी के माता-पिता से बातचीत की और उनकी बेटी की इंसाफ की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।
खराब मौसम के कारण पौड़ी दौरा स्थगित होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से गांधी की भंडारी के माता-पिता से बात कराई।
गांधी ने बातचीत में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। इस दौरान अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी तथा मां सोनी देवी ने उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की।
जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि वे लोग जब भी उनसे मिलने आना चाहे, वे आ सकते हैं।
गांधी ने कहा कि उन्होंने गोदियाल से बात कर ली है और वह उनके आने की व्यवस्था कर देंगे।
गोदियाल ने भी कहा कि वे समय तय कर लें और उन्हें गांधी से मिलवाया जाएगा।
पौड़ी जिले के यमकेश्वर में वनंत्रा रिजॉर्ट में काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर के साथ मिलकर सितंबर 2022 में हत्या कर दी थी। मामले में तीनों को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।
अंकिता के परिजनों के अलावा कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने हालांकि उसकी हत्या के लिए कथित रूप से जिम्मेदार ‘वीआईपी’ के खुलासे के लिए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच कराने की मांग को लेकर पिछले दिनों आंदोलन किया था। इसके बाद राज्य सरकार की सिफारिश पर मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा शुरू की गई।
हालांकि, उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में जांच की मांग पूरी होनी अभी बाकी है।
अंकिता के माता-पिता से मुलाकात के अलावा गांधी को कोटद्वार में बजरंग दल के विरोध के दौरान एक बुजुर्ग मुसलमान दुकानदार के समर्थन में सामने आने के बाद से मोहम्मद दीपक के नाम से चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार से भी मिलना तथा उनके जिम की सदस्यता लेना था। इसके अलावा, गांधी का कोटद्वार में सिद्धबली मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित था। लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें अपने कार्यक्रम को रद्द करना पड़ा।
भाषा सं दीप्ति धीरज
धीरज

Facebook


