कोविड-19 महामारी के दौरान धन की हेराफेरी के मामले में श्रीनगर, बडगाम में छापेमारी

कोविड-19 महामारी के दौरान धन की हेराफेरी के मामले में श्रीनगर, बडगाम में छापेमारी

कोविड-19 महामारी के दौरान धन की हेराफेरी के मामले में श्रीनगर, बडगाम में छापेमारी
Modified Date: March 26, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: March 26, 2026 2:36 pm IST

श्रीनगर, 26 मार्च (भाषा) कश्मीर में अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा ने कोविड-19 महामारी के दौरान दो लोगों द्वारा सरकारी धन की कथित तौर पर हेराफेरी किए जाने के संबंध में बृहस्पतिवार को श्रीनगर और बडगाम जिलों में तीन स्थानों पर छापेमारी की।

यह मामला नयी दिल्ली स्थित संजय ट्रेडिंग कंपनी के मालिक संजय कुमार साहू द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर शुरू किया गया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि इमाद मुजफ्फर मकदूमी उर्फ ​​इमरान शाह और विकार अहमद भट ने कोविड-19 महामारी के दौरान चिकित्सा आपूर्ति प्राप्त करने के बहाने कंपनी को झांसा दिया था।

एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर की अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू), कश्मीर ने आज एक प्राथमिकी के संबंध में श्रीनगर और बडगाम जिलों में तीन अलग-अलग स्थानों पर घरों की तलाशी ली।’’

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपियों ने धोखाधड़ी करके बड़ी रकम हासिल की जिसमें अनंतनाग के उपायुक्त कार्यालय से प्राप्त धनराशि भी शामिल है।’’

प्रवक्ता ने बताया कि उन्होंने श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज से करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने का भी प्रयास किया।

आरोपियों ने सरकारी अधिकारी, प्रतिनिधि और ओएसडी (आपूर्ति) बनकर विभिन्न विभागों और संस्थानों के फर्जी आवंटन आदेश जारी किए। उन्होंने शिकायतकर्ता कंपनी की फर्जी ईमेल आईडी बनाई और भुगतान को हस्तांतरित करने के लिए उसके नाम पर फर्जी बैंक खाते खोले।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इन निष्कर्षों के आधार पर एक औपचारिक मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। आज जिन घरों की तलाशी की गई उसका उद्देश्य डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों सहित अतिरिक्त सबूत जुटाना है।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा सुरभि शोभना

शोभना


लेखक के बारे में