राजस्थान : पटाखा फैक्टरी में आग लगने से तीन लोगों की मौत, पांच अन्य झुलसे

Ads

राजस्थान : पटाखा फैक्टरी में आग लगने से तीन लोगों की मौत, पांच अन्य झुलसे

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 04:25 PM IST

(तस्वीरों के साथ)

जयपुर, नौ जून (भाषा) राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागोरियन क्षेत्र में मंगलवार को एक मकान में कथित तौर पर संचालित पटाखा फैक्टरी में आग लगने से तीन लोगों की झुलस कर मौत हो गयी, जबकि पांच अन्य को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि हादसे में झुलसे लोगों को सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह एक पटाखा फैक्टरी थी, जिसमें मजदूर काम कर रहे थे।

पुलिस ने कहा कि फॉरेसिंक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) द्वारा जांच की जा रही है।

सवाई मानसिंह अस्पताल की अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी ने बताया कि हादसे के बाद लाए गए तीन लोगों की मौत हुई है।

जयपुर कलक्टर संदेश नायक ने घटनास्थल का दौरा किया और बताया कि आग को अग्निशमन कर्मियों की सहायता से बुझा दिया गया है।

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि आग लगने से पहले धमाके की आवाज सुनाई दी थी।

उसने बताया, ‘‘हमने धमाके की आवाज सुनी और तुरंत मकान की ओर दौड़े। पानी डालकर अंदर घुसे और कुछ लोगों को बाहर निकाला।’’

चश्मदीद के मुताबिक घटनास्थल पर झुलसे हुए दो लोग सड़क पर तड़पते हुए पाए गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें कपड़ों से ढककर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।

इससे पहले, जयपुर (पूर्व) के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक सिंघल ने बताया, ‘‘हादसे के बाद पांच अन्य लोगों को मौके से बचा कर उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया है।”

भाषा बाकोलिया धीरज

धीरज