नटराजन का नामांकन खारिज किया जाना राज्यसभा सीट छीनने का प्रयास: कांग्रेस

Ads

नटराजन का नामांकन खारिज किया जाना राज्यसभा सीट छीनने का प्रयास: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 08:23 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 08:23 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किया जाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा एक सीट छीनने और दिनदहाड़े लूट का प्रयास है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस इस तरह के प्रयास के खिलाफ कानूनी तरीके के अलावा सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी।

वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को खारिज करना भाजपा द्वारा गुप्त तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नष्ट करने का एक प्रयास है। उनके नामांकन में किसी भी त्रुटि या कोई जानकारी छिपाने का आरोप पूरी तरह से मूर्खतापूर्ण है और कांग्रेस से एक सीट छीनने का एक हताशा भरा प्रयास है।’’

उनका कहना है, ‘‘जब उन्हें (भाजपा) एहसास हुआ कि हमारे कांग्रेस विधायकों से सौदा करने की उनकी गंदी चालें विफल होने वाली हैं, तो वे इतने नीचे गिर गए कि उनका नामांकन खारिज करवा दिया।’’

वेणुगोपाल ने दावा किया कि यह संविधान और लोकतंत्र के प्रति भाजपा की खोखली प्रतिबद्धता को दर्शाता है और वह हर कदम पर किसी न किसी तरह ‘वोट चोरी’ पर आमादा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हम लोकतंत्र की इस दिनदहाड़े लूट को बर्दाश्त नहीं करेंगे, और इसके खिलाफ कानूनी तरीके के अलावा सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेंगे।’

भाषा हक पवनेश संतोष

संतोष

शीर्ष 5 समाचार