शबरिमला सोना गायब होने का मामला: एसआईटी ने यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश से पूछताछ की
शबरिमला सोना गायब होने का मामला: एसआईटी ने यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश से पूछताछ की
तिरुवनंतपुरम, सात फरवरी (भाषा) शबरीमला में सोना गायब होने के मामले में जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) संयोजक एवं कांग्रेस सांसद अदूर प्रकाश से पूछताछ कर रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में नोटिस जारी होने के बाद प्रकाश सुबह यहां अपराध शाखा कार्यालय पहुंचे।
मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात करते हुए प्रकाश की एक तस्वीर सामने आने के बाद वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने प्रकाश के खिलाफ आरोप लगाए हैं।
आरोपों का जवाब देते हुए प्रकाश ने कहा कि वह पोट्टी से कई बार मिल चुके थे और उसके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शबरिमला सोना गायब होने के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि पोट्टी उनके निर्वाचन क्षेत्र का निवासी है और वह उसे अय्यप्पा के भक्त के रूप में जानते थे।
इससे पहले एसआईटी ने इस मामले के संबंध में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) विधायक और पूर्व देवस्वओम मंत्री कडकम्पल्ली सुरेंद्रन से पूछताछ की थी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) नेता एवं कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने पत्रकारों से कहा कि एसआईटी किसी से भी पूछताछ करने के लिए स्वतंत्र है और कानून को अपना काम करना चाहिए।
इस बीच पोट्टी से तिरुवनंतपुरम स्थित एसआईटी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। उसे वैधानिक जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि उसे अपने वित्तीय लेन-देन और मामले में अन्य आरोपियों से संबंधों के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया गया है।
भाषा सुरभि अमित
अमित

Facebook


