त्रिपुरा बंद के दौरान 23 अक्टूबर को हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक सात लोग गिरफ्तार: पुलिस
त्रिपुरा बंद के दौरान 23 अक्टूबर को हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक सात लोग गिरफ्तार: पुलिस
अगरतला, एक नवंबर (भाषा) त्रिपुरा के धलाई जिले के संतिरबाजार हिंसा में तीन सरकारी अधिकारियों समेत 10 लोगों के घायल हो जाने की घटना में कथित संलिप्तता के लिए पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
तिप्रासा समझौते को तत्काल लागू करने समेत आठ सूत्री मांगों के समर्थन में त्रिपुरा सिविल सोसाइटी (टीसीएस) द्वारा 23 अक्टूबर को आहूत राज्यव्यापी बंद के दौरान हिंसा भड़क उठी थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की सहयोगी टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पिछले साल फरवरी में केंद्र और राज्य सरकार के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
पुलिस प्रवक्ता जॉयदीप देब ने कहा, ‘‘संतिबाजार की घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि इससे पहले इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
पशु संसाधन विकास (एआरडी) मंत्री सुधांशु दास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिंसा के बाद की स्थिति का आकलन करने के लिए शुक्रवार को संतिरबाजार का दौरा किया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए संतिरबाजार का दौरा किया। यहां कई दुकानें जला दी गईं और उपद्रवियों ने दुकानों से सामान लूट लिया। बंद के दौरान हुई हिंसा में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) और सलेमा आरडी ब्लॉक के एक इंजीनियर समेत कुछ लोग घायल हो गए।’’
भाषा यासिर रंजन
रंजन

Facebook


