नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ 28 अगस्त को रिलीज होगी। यह फिल्म मशहूर मराठी लावणी नृत्यांगना विठाबाई नारायणगांवकर की जिंदगी पर आधारित है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस फिल्म में रणदीप हुड्डा और मोहम्मद जीशान अय्यूब भी हैं। इसे दिनेश विजन के मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है और लक्ष्मण उतेकर ने इसे निर्देशित किया है।
कपूर और विजन इस फिल्म में ‘स्त्री’ के बाद फिर से एक साथ काम कर रहे हैं। विजन और उतेकर इससे पहले विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ में भी साथ काम कर चुके हैं।
फिल्म ‘ईथा’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा-तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘वन-फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ एक साथ रिलीज होंगी।
नारायणगांवकर महाराष्ट्र की लोक-नाट्य परंपरा में एक प्रमुख हस्ती के तौर पर मशहूर हुईं। उन्होंने लावणी और तमाशा के शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता। पारंपरिक लोक कला में उनके बेहतरीन योगदान के लिए उन्हें 1957 और 1990 में भारत के राष्ट्रपति द्वारा दो पदकों से सम्मानित किया गया।
कपूर आखिरी बार 2024 में आई फिल्म ‘स्त्री 2’ में नजर आई थीं।
भाषा
राखी वैभव
वैभव