सूरत: रिहायशी इमारत में लगी आग, बच्चों समेत 10 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
सूरत: रिहायशी इमारत में लगी आग, बच्चों समेत 10 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
सूरत (गुजरात), नौ जून (भाषा) गुजरात के सूरत शहर के रानी तालाब इलाके में मंगलवार दोपहर पांच मंजिला एक रिहायशी इमारत के भूतल पर स्थित कपड़े की दुकान में आग लग गई। घटना के बाद बच्चों समेत कम से कम 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रकाश हेडाऊ ने बताया, ‘हनीफा मंजिल इमारत से एक बुजुर्ग महिला और बच्चों समेत कम से कम 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।’
उन्होंने बताया कि अपराह्न करीब एक बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद अग्निशमन विभाग का दल कई दमकल गाड़ियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचा।
हेडाऊ ने कहा कि ऊपरी मंजिलों पर फंसे निवासियों को पहले छत पर ले जाया गया और फिर रस्सियों व सीढ़ियों की मदद से उन्हें सुरक्षित नीचे उतारा गया।
आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दुकान में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी, हालांकि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


