शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम उपचुनाव में फाल्टा की तरह भारी जीत का लक्ष्य रखा

Ads

शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम उपचुनाव में फाल्टा की तरह भारी जीत का लक्ष्य रखा

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 09:40 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 09:40 PM IST

नंदीग्राम (पश्चिम बंगाल), 24 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल की फाल्टा सीट पर चुनाव में भाजपा की शानदार जीत से उत्साहित मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के उपचुनाव में अपनी पार्टी की सफलता का लक्ष्य निर्धारित किया।

अधिकारी ने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र को बरकरार रखने का विकल्प चुनने के बाद नंदीग्राम से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।

मुख्यमंत्री बनने के बाद नंदीग्राम के अपने पहले दौरे पर अधिकारी ने अपने समर्थकों को आश्वस्त किया कि सीट खाली करने के बावजूद उनका अपने राजनीतिक गढ़ से जुड़ाव पूरी तरह मजबूत बना हुआ है।

उन्होंने अभिनंदन रैली को संबोधित करते हुए अपने समर्थकों से पूछा कि क्या वे नंदीग्राम में भी फाल्टा जैसी जीत का अंतर दोहरा सकते हैं, जहां भाजपा ने एक लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की है।

उनकी यह टिप्पणी फाल्टा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के कुछ घंटों बाद आई है। भाजपा के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने रविवार को फाल्टा विधानसभा सीट पर 1,09,021 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

अधिकारी ने 2026 के विधानसभा चुनावों में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की थी। जीत के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट खाली कर दी।

रविवार को नंदीग्राम में आयोजित रैली में, अधिकारी ने विधायक पद से अपने इस्तीफे को लेकर समर्थकों के बीच फैली चिंताओं को दूर करने की कोशिश की और इस बात पर जोर दिया कि सीट छोड़ने से इस क्षेत्र से उनका जुड़ाव कमजोर नहीं होगा।

नंदीग्राम को अपना ‘‘घर’’ और अपने राजनीतिक उत्थान की जन्मस्थली बताते हुए अधिकारी ने कहा कि 2003 से संघर्ष के दौरान बना उनका रिश्ता, भवानीपुर जाने के बावजूद, पहले की तरह कायम रहेगा।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप