शुभेंदु के सहयोगी की हत्या: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश के लिए कई टीम गठित

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश के लिए कई टीम गठित

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या: सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश के लिए कई टीम गठित
Modified Date: May 7, 2026 / 09:03 am IST
Published Date: May 7, 2026 9:03 am IST

कोलकाता, सात मई (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी की हत्या के मामले की जांच के तहत सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 48 घंटे के भीतर हुई। अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना को सुपारी लेकर हत्या करने वालों ने अंजाम दिया।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘जांचकर्ता घटनास्थल और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस के कई दल गठित किए गए हैं।’’

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने रथ की कार को रात करीब साढ़े 10 बजे डोलतला और मध्यमग्राम चौमाथा के बीच दोहरिया के पास रोका और वे गोलीबारी करने के बाद फरार हो गए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) सिद्धनाथ गुप्ता और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने रात में घटनास्थल का दौरा किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा, ‘‘विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। हम कई सुरागों पर काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि 42 वर्षीय रथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने आवास लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई।

पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि वाहन चला रहे बुद्धदेव बेरा को भी गोली लगी है और कोलकाता के एक अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हमले के दौरान कम से कम छह से 10 गोलियां चलाई गई होंगी।

अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए कथित तौर पर हेलमेट पहन रखे थे और वे बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों पर सवार थे।

पुलिस को हमले में उन्नत हथियारों का इस्तेमाल किए जाने का संदेह है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक फॉरेंसिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने संभवत: ‘ग्लॉक 47 एक्स’ पिस्तौल का इस्तेमाल किया होगा।

पश्चिम बंगाल पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘‘आम अपराधी इस तरह का हथियार सामान्यत: इस्तेमाल नहीं करते। हम जांच कर रहे हैं कि क्या इसमें पेशेवर शूटर शामिल थे।’’

प्रारंभिक निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि चार मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध हमलावरों ने रथ के वाहन को रोका और फिर नजदीक से कई गोलियां चलाईं।

गुप्ता ने घटनास्थल पर पत्रकारों से कहा, ‘‘रथ की कार को कथित तौर पर रोकने वाले एक संदिग्ध वाहन को जब्त किया गया है। हालांकि, उस पर लगी नंबर प्लेट फर्जी पाई गई।’’

राज्य के पुलिस महानिदेशक ने कहा, ‘‘हमने घटनास्थल से खोखे और कारतूस बरामद किए हैं। अभी हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं है।’’

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में