तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : शाम छह बजे तक 84 फीसदी से अधिक मतदान

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : शाम छह बजे तक 84 फीसदी से अधिक मतदान

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव : शाम छह बजे तक 84 फीसदी से अधिक मतदान
Modified Date: April 23, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: April 23, 2026 8:11 pm IST

(तस्वीरों के साथ)

चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीट पर चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को रिकॉर्ड 84 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, शाम छह बजे तक राज्य के 5.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं में से 84.29 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

इससे पहले, तमिलनाडु में 2011 के विधानसभा चुनावों में सर्वाधिक 78.29 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जब ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने शानदार जीत हासिल की थी।

तमिलनाडु में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान राज्य में मतदाताओं की संख्या अक्टूबर 2025 में दर्ज 6.41 करोड़ से घटकर 5.73 करोड़ रह गयी थी। वर्ष 2021 के चुनावों में लगभग 6.29 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। यह संख्या इस चुनाव में पंजीकृत मतदाताओं से 56 लाख अधिक है।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, बृहस्पतिवार को शाम छह बजे तक करूर जिले में सबसे ज्यादा 91.86 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जबकि तिरुचिरापल्ली में 85.04 प्रतिशत, कोयंबटूर में 84.40 प्रतिशत, चेन्नई में 83.09 प्रतिशत और मदुरै में 80.15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

आयोग के मुताबिक, चेन्नई की कोलाथुर विधानसभा सीट पर शाम छह बजे तक 85.63 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इस सीट से मुख्यमंत्री एवं द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एमके स्टालिन चुनाव मैदान में हैं।

वहीं, चेपॉक-तिरुवल्लिकेनी में 83.58 प्रतिशत मतदान हुआ। इस सीट से स्टालिन के बेटे एवं राज्य के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि दूसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

इसी तरह, सेलम की एडप्पाडी सीट पर 91.61 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। एडप्पाडी को अन्नाद्रमुक महासचिव ईके पलानीस्वामी का गढ़ माना जाता है और वह इस क्षेत्र में एक बार फिर जीत हासिल करने की कोशिशों में जुटे हैं।

अभिनेता विजय की तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) एडप्पाडी सीट पर एक निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन कर रही है, क्योंकि पार्टी के उम्मीदवार के चुनाव दस्तावेजों को जांच के दौरान तकनीकी कारणों से खारिज कर दिया गया था।

विजय तिरुचिरापल्ली पूर्व विधानसभा क्षेत्र से किस्मत आजमा रहे हैं, जहां शाम छह बजे तक 81.55 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। वह चेन्नई की पेरंबुर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां शाम छह बजे तक 89.20 फीसदी वोट पड़े।

भाषा पारुल नरेश

नरेश


लेखक के बारे में