तमिलनाडु: टीवीके के भीतर अकेले चुनाव लड़ने या राजग का हिस्सा बनने को लेकर मंथन जारी
तमिलनाडु: टीवीके के भीतर अकेले चुनाव लड़ने या राजग का हिस्सा बनने को लेकर मंथन जारी
चेन्नई, 14 मार्च (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के वरिष्ठ नेता सीटीआर निर्मल कुमार ने शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ गठबंधन की संभावना से इनकार कर दिया। हालांकि, पार्टी से जुड़े कई सूत्रों ने बताया कि महासचिव एन. आनंद के नेतृत्व में अंदरुनी चर्चाएं चल रही हैं कि ‘विजय की लोकप्रियता और अनुभवी दलों की ताकत’ को एक साथ लाकर चुनावी तालमेल और शानदार जीत सुनिश्चत करने पर विचार किया जा रहा है।
चर्चा के विषयों में से एक यह भी है कि क्या टीवीके, अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के साथ हाथ मिलाकर, पड़ोसी आंध्र प्रदेश में पवन कल्याण के नेतृत्व वाले जनसेना-तेदेपा सरकार मॉडल को तमिलनाडु में दोहरा सकता है।
पार्टी के कुछ वर्ग अकेले चुनाव लड़ने, एमजीआर की विरासत को आगे बढ़ाने और उन्हीं की तरह विजेता बनकर उभरने के लिए पुरजोर वकालत कर रहे हैं।
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन से पूछा गया कि क्या टीवीके के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया, जिससे सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार और गर्म हो गया।
नैनार ने न तो इनकार किया और न ही सहमति जताई।
नागेंद्रन ने यहां पत्रकारों से कहा, “आप गठबंधन को लेकर चिंतित हैं और मैं जनता की समस्याओं, विशेष रूप से राज्य में कानून-व्यवस्था की विफलता और महिलाओं की सुरक्षा की कमी को लेकर चिंतित हूं।”
टीवीके के संयुक्त महासचिव सीटीआर निर्मल कुमार ने राजग के साथ गठबंधन की बातचीत की खबरों को ‘अफवाह’ बताते हुए कहा कि 13 मार्च को पार्टी के जिला सचिवों के साथ हुई डिजिटल बैठक गठबंधन की ताकत और संभावनाओं का आकलन करने के लिए थी।
निर्मल कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “राजग के साथ गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। हम पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा हमारी वैचारिक शत्रु है।”
उन्होंने यह जानना चाहा कि अगर “अफवाह” सच हैं, तो क्या राजग के घटक दल अन्नाद्रमुक और भाजपा विजय को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में स्वीकार करेंगे?
कुमार ने चुनावी गठबंधन की संभावना से संबंधित खबरों को मीडिया की अटकलें बताकर खारिज कर दिया।
टीवीके को राजग में शामिल करने के लिए दबाव बनाने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कोयंबटूर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि टीवीके ने ही करूर भगदड़ की सीबीआई जांच की मांग की थी और भाजपा ने इसका समर्थन किया था।
अन्नामलाई ने कहा, “उन्हें पूरा भरोसा है कि सीबीआई के नेतृत्व में की गई जांच स्वतंत्र और निष्पक्ष है। तो हम इस आरोप को कैसे स्वीकार कर सकते हैं?”
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


