(तस्वीरों के साथ)
चेन्नई, नौ जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए विशेष पुलिस इकाई ‘सिंगप्पन’ की बुधवार को शुरुआत की।
विजय ने महिलाओं और बच्चों के साथ अपराधों को रोकने एवं उन्हें बेहतर सुरक्षा प्रदान करने के लिए इस गठित विशेष बल के प्रतीक चिन्ह का अनावरण किया।
मुख्यमंत्री ने विशेष बल के लिए विशेष गश्ती वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी एक वाहन चलाया।
विजय ने अपने संबोधन में कहा कि देश में पहली बार महिलाओं की सुरक्षा के लिए गठित यह विशेष इकाई ड्रोन से गश्त करेगी।
उन्होंने महिलाओं के साथ अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करने का वादा करते हुए त्वरित कार्रवाई और कड़ी सजा का आश्वासन दिया।
विजय ने महिलाओं के साथ अपराधों से होने वाली गहरी पीड़ा का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे अपराध एवं मादक पदार्थों का इस्तेमाल आपस में जुड़े हुए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मादक पदार्थों के अभिशाप को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा।
उन्होंने बगैर किसी पार्टी का नाम लिये हुए कहा कि मादक पदार्थों का मुद्दा कोई नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “ लंबे समय तक नजरअंदाज करने से इसकी जड़ें बहुत गहराई तक फैल चुकी हैं। मुझे लगता है कि मुझे आपको यह स्पष्ट रूप से बताने की आवश्यकता नहीं है कि इतने वर्षों तक इसे अनदेखा करने के लिए कौन जिम्मेदार है।”
विजय ने कहा कि विशेष इकाई के लिए पहले चरण में 354 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया जाएगा और दूसरे चरण में इस इकाई में 2,500 नए पद सृजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विशेष परेड का निरीक्षण किया और उन्हें पुलिस सलामी भी दी गई। पुलिस बैंड ने विशेष प्रस्तुतियां दीं।
पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल ने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
उन्होंने कहा, “हम समझते हैं कि गरिमा और स्वतंत्रता उनका अधिकार है।”
उन्होंने नई इकाई आरंभ करने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।
भाषा जितेंद्र राजकुमार
राजकुमार