तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक ने मतदान प्रतिशत में असामान्य वृद्धि की खबरों को खारिज किया
तमिलनाडु चुनाव : द्रमुक ने मतदान प्रतिशत में असामान्य वृद्धि की खबरों को खारिज किया
चेन्नई, 23 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा के लिए संपन्न हुए मतदान में असामान्य रूप से मत प्रतिशत बढ़ने की खबरों को खारिज कर दिया। पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची से मृत और स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बाद यह वास्तविकता को ‘‘सटीकता से प्रतिबिंबत’’ करता है।
द्रमुक प्रवक्ता सरवन अन्नादुरई ने कहा, “स्थापित ऐतिहासिक रुझानों के आधार पर पार्टी को उम्मीद है कि इस चुनाव में डाले गए कुल मतों की संख्या पांच करोड़ तक पहुंच जाएगी।”
अन्नादुरई ने कहा कि राज्य में उच्च मतदान का इतिहास रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मौजूदा आंकड़े असामान्य नहीं हैं। उन्होंने बताया कि 2001 में 2.80 करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था और यह संख्या 2021 में बढ़कर 4.58 करोड़ हो गई, यानी हर पांच साल में औसतन 30 से 40 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
उन्होंने उच्च मतदान प्रतिशत का श्रेय मतदाता जागरूकता और चुनावी भागीदारी को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को दिया, जिससे मतदाताओं की वास्तविक संख्या का सटीक आकलन संभव हुआ।
अन्नादुरई ने यह भी दावा किया कि मतदान के रुझानों के आधार पर द्रमुक अगली सरकार बनाने की स्थिति में है।
भाषा राखी धीरज
धीरज

Facebook


