हैदराबाद, नौ जून (भाषा) खम्मम जिले में एक अधेड़ व्यक्ति ने 12 वर्षीय एक लड़की को यौन उत्पीड़न के कथित प्रयास के बाद आवासीय इमारत से धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना छह जून को घटी और उसी इमारत में रहने वाले आरोपी (49) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें एक आवासीय इमारत की चौथी मंजिल से एक लड़की के गिरने की सूचना मिली थी।
पुलिस ने कहा कि लड़की को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि सोमवार को होश में आने पर लड़की ने बताया कि एक व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की और उसे चौथी मंजिल के कोने से धक्का दे दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पॉक्सो (बच्चों का यौन शोषण से संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने लड़की की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में पूछे जाने पर बताया कि लड़की खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि घटना से एक सप्ताह पहले, लड़की की माँ ने एक स्थानीय निवासी को सूचित किया था कि आरोपी ने उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया था, हालांकि उसने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या माधव
माधव