```php जनप्रतिनिधि के तौर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के 20 वर्ष पूरे हुए |

जनप्रतिनिधि के तौर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के 20 वर्ष पूरे हुए

जनप्रतिनिधि के तौर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के 20 वर्ष पूरे हुए

जनप्रतिनिधि के तौर पर तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के 20 वर्ष पूरे हुए
Modified Date: July 4, 2026 / 03:24 pm IST
Published Date: July 4, 2026 3:24 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

हैदराबाद, चार जुलाई (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शनिवार को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक पड़ाव हासिल करते हुए निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में 20 वर्ष पूरे किये।

उनकी दो दशक लंबी राजनीतिक यात्रा चार जुलाई, 2006 को शुरू हुई थी, जब वह पहली बार जिला परिषद क्षेत्रीय निर्वाचन क्षेत्र (जेडपीटीसी) के सदस्य चुने गए थे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति में कदम रखने वाले रेड्डी अपने गृह जिले महबूबनगर के मिडजिल से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जेडपीटीसी सदस्य निर्वाचित हुए थे। रेड्डी एक वर्ष बाद फिर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधान परिषद के लिए चुने गए।

इसके बाद वह तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) में शामिल हो गए और एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली पार्टी में एक प्रमुख नेता के रूप में उभरे।

उन्होंने 2009 और 2014 के विधानसभा चुनावों में कोडंगल सीट से जीत हासिल की तथा अविभाजित आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद तेदेपा की तेलंगाना इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया।

तेलंगाना में तेदेपा का प्रभाव कम होने के साथ ही रेड्डी ने 2017 में कांग्रेस का दामन थाम लिया लेकिन तेदेपा नेताओं से सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखा।

रेड्डी जल्द ही कांग्रेस में एक लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे और के चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के खिलाफ किसी मामले में कोई समझौता न करने का अभियान चलाया।

उन्हें अपने राजनीतिक जीवन की एकमात्र चुनावी हार 2018 के विधानसभा चुनाव में झेलनी पड़ी, जब वह कोडंगल सीट से पराजित हुए।

हालांकि, रेड्डी ने जल्द ही वापसी की और 2019 के लोकसभा चुनाव में मल्काजगिरि से सांसद निर्वाचित हुए।

कांग्रेस आलाकमान ने 2021 में रेवंत रेड्डी को पार्टी की तेलंगाना इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया और उनके नेतृत्व में पार्टी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

उन्होंने सात दिसंबर, 2023 को तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री का पद ग्रहण किया।

रेड्डी (56) ने शनिवार को उन शुभचिंतकों, समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं को बधाई दी, जो उनके साथ खड़े रहे।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रयासरत रहने का वादा किया।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सी. दामोदर राजनरसिम्हा और ‍विभिन्न नेताओं ने मुख्यमंत्री को जनप्रतिनिधि के रूप में दो दशक पूरे करने पर बधाई दी।

भाषा जोहेब राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में