सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं; रंजीत को संरक्षण नहीं दिया जाएगा: मंत्री साजी चेरियन
सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं; रंजीत को संरक्षण नहीं दिया जाएगा: मंत्री साजी चेरियन
कोच्चि, एक अप्रैल (भाषा) केरल के संस्कृति मंत्री साजी चेरियन ने बुधवार को कहा कि जाने-माने मलयालम फिल्म निर्देशक रंजीत द्वारा कथित यौन उत्पीड़न के प्रयास के मामले में सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं।
रंजीत को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप ‘झूठे’ हैं और यह साबित हो जाएगा।
रंजीत ने यह दावा पत्रकारों के सामने तब किया जब उन्हें यहां की एक जेल में ले जाया जा रहा था।
चेरियन ने पत्रकारों से कहा कि ‘सरकार या समाज द्वारा ऐसे कृत्यों को स्वीकार नहीं किया जाएगा’ और सरकार और पुलिस पीड़िता के साथ हैं।
रंजीत को 2022 में केरल राज्य चलचित्र अकादमी के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था और उन्होंने 2024 में इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
मंत्री ने कहा कि निर्देशक को इस पद पर इसलिए नियुक्त किया गया था क्योंकि वह इसके लिए योग्य थे और उस समय उनके खिलाफ ऐसे कोई आरोप नहीं थे।
उन्होंने कहा, ‘‘रंजीत ने अकादमी को अच्छे तरीके से आगे बढ़ाया। जब पहले ऐसे आरोप लगे थे, तब उन्होंने पद छोड़ दिया था। उनके खिलाफ फिर से वही आरोप लगने की हम गंभीरता से जांच कर रहे हैं। न तो पुलिस और न ही सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है।’
उन्होंने कहा कि निर्देशक के खिलाफ की गई त्वरित कार्रवाई फिल्म क्षेत्र में हाल ही में हुए बदलावों का परिणाम है, जिसमें सिनेमा सम्मेलन का आयोजन और राज्य फिल्म नीति शामिल है।
मंत्री ने यह भी कहा कि फिल्म जगत में इसी तरह के बुरे अनुभव झेलने वाले कोई भी व्यक्ति शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उस पर दृढ़ रह सकते हैं, क्योंकि सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी।
फिल्म निर्देशक को यौन उत्पीड़न के प्रयास के मामले में मंगलवार देर रात को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला अभिनेत्री ने आरोप लगाया कि निर्देशक ने फिल्म की शूटिंग के दौरान उसे एक वैन में बुलाया और उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास किया।
मलयालम फिल्म उद्योग में उत्पीड़न और दुर्व्यवहार पर न्यायमूर्ति के हेमा समिति की रिपोर्ट में हुए खुलासों के बाद रंजीत को पहले भी यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना करना पड़ा था।
रंजीत के खिलाफ 2024 में भी एक मामला दर्ज किया गया था जब एक बंगाली अभिनेत्री ने कोच्चि शहर के पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज करायी थी।
ईमेल के माध्यम से भेजी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि रंजीत ने 2009 में फिल्म ‘पलेरी मणिक्यम’ में अभिनय करने के लिए बुलाने के बाद उसे अनुचित तरीके से छुआ था।
भाषा तान्या गोला
गोला

Facebook


