आउटर मणिपुर लोकसभा सीट पर पुन:मतदान में 81.16 प्रतिशत वोट डाले गए

Ads

आउटर मणिपुर लोकसभा सीट पर पुन:मतदान में 81.16 प्रतिशत वोट डाले गए

  •  
  • Publish Date - April 30, 2024 / 08:36 PM IST,
    Updated On - April 30, 2024 / 08:36 PM IST

इंफाल, 30 अप्रैल (भाषा) ‘आउटर मणिपुर’ लोकसभा सीट के छह मतदान केंद्रों पर मंगलवार को 81.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।

इन केंद्रों पर पुन: मतदान कराया गया था।

उन्होंने बताया कि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है और सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ।

अधिकारी ने बताया कि शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक 81.16 प्रतिशत वोट डाले गये।

उन्होंने बताया कि 26 अप्रैल को इन छह मतदान केंद्रों पर मतदान पूरा होने से पहले अज्ञात लोगों ने ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था जिसके कारण पुन: मतदान कराने की आवश्यकता पड़ी। उन्होंने बताया कि एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में गड़बड़ी हो गयी थी और ‘‘अज्ञात बदमाशों द्वारा धमकी’’ दिए जाने के कारण एक अन्य मतदान केंद्र में मतदान पूरा नहीं हो सका था।

मणिपुर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय द्वारा पहले जारी एक अधिसूचना में उखरुल विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों और उखरुल में चिंगई विधानसभा सीट तथा सेनापति में कारोंग के एक-एक मतदान केंद्र में मतदान को अमान्य और रद्द घोषित कर दिया गया था।

आउटर मणिपुर लोकसभा सीट पर 26 अप्रैल को 28 विधानसभा क्षेत्रों में से 13 में हुए मतदान के दौरान 4.84 लाख पात्र मतदाताओं में से करीब 76.06 प्रतिशत ने मतदान किया था। बाकी के 15 क्षेत्रों में पहले चरण में 19 अप्रैल को इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर हुए चुनाव के साथ मतदान हुआ था।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश

शीर्ष 5 समाचार