महिला ने वीडियो में धर्मांतरण का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच के बाद इल्जाम बेबुनियाद बताए
महिला ने वीडियो में धर्मांतरण का आरोप लगाया, पुलिस ने जांच के बाद इल्जाम बेबुनियाद बताए
नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके में धर्मांतरण का आरोप लगाने वाली एक महिला के वायरल वीडियो को दिल्ली पुलिस ने जांच के बाद ‘निराधार’ बताया।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि बाहरी दिल्ली के निहाल विहार इलाके से वायरल हुए वीडियो में कोई सांप्रदायिक पहलू नहीं मिला है, और साथ ही यह भी कहा कि क्लिप में महिला द्वारा लगाए गए धर्मांतरण के आरोप निराधार हैं।
पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रही महिला की पहचान निहाल विहार निवासी के रूप में हुई है।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संबंधित थानेदार (एसएचओ) द्वारा मामले की जांच की गई।
जांच के दौरान पता चला कि जिस गली में वह महिला रहती है, वहां कुल 14 परिवार रहते हैं, जिनमें नौ हिंदू परिवार और पांच मुस्लिम परिवार शामिल हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘इलाके में किसी भी हिंदू परिवार के सदस्य को किसी भी मुस्लिम परिवार से कोई शिकायत नहीं है।’
पुलिस ने बताया कि महिला पिछले 15-16 महीनों से धर्मांतरण से संबंधित आरोप लगा रही है। हालांकि, इन सभी दावों की जांच की गई और वे निराधार पाए गए।
अधिकारी ने कहा, ‘महिला द्वारा जबरन धर्म परिवर्तन के संबंध में लगाए गए आरोप निराधार हैं।’
पुलिस ने कहा कि इलाके में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और अब तक सांप्रदायिक तनाव से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


