कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोई विवाद नहीं : सतीशन
कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोई विवाद नहीं : सतीशन
कोच्चि, 14 मार्च (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोई समस्या नहीं है और उन्होंने पार्टी नेता के सुधाकरन के साथ मतभेद की खबरों को खारिज किया।
सुधाकरन ने कथित तौर पर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
सतीशन ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस चुनाव घोषित होने के 24 घंटे के भीतर या वाम लोकतांत्रिक मोर्चा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी।
उन्होंने कहा कि जिला समितियों में उम्मीदवारों के चयन को लेकर कोई समस्या नहीं है और नेताओं के बीच मतभेद दिखाने के लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, “उम्मीदवारों की घोषणा किए बिना विवाद कैसे हो सकता है? हमें सूची घोषित करने दीजिए।”
कन्नूर से अपने संबंधों को लेकर कांग्रेस सांसद के सुधाकरन के फेसबुक पर भावनात्मक संदेश पोस्ट करने के बारे में पूछे जाने पर सतीशन ने कहा कि वह पोस्ट उन्होंने (सुधाकरन) नहीं किया था।
उन्होंने कहा, “यदि उन्होंने पोस्ट किया भी होता, तो इसमें क्या समस्या है? उन्होंने कन्नूर के बारे में लिखा, जिसका वह सांसद के रूप में प्रतिनिधित्व करते हैं।”
यह पूछे जाने पर कि क्या के सुधाकरन को केपीसीसी अध्यक्ष पद से हटाए जाने के समय विधानसभा चुनाव का टिकट देने का आश्वासन दिया गया था, सतीशन ने कहा कि उन्हें ऐसे किसी वादे की जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैं इतना बड़ा नेता नहीं हूं कि इस तरह का आश्वासन दे सकूं। उम्मीदवारी किसी एक व्यक्ति द्वारा तय नहीं की जाती। निर्णय पार्टी द्वारा लिया जाता है।”
सतीशन ने कहा कि उनकी उम्मीदवारी का फैसला भी पार्टी ही करेगी।
उन्होंने कहा, “केपीसीसी अध्यक्ष ने कहा है कि कोई भी स्वयं को उम्मीदवार घोषित न करे। उम्मीदवारों का फैसला पार्टी करती है और कोई भी इससे ऊपर नहीं जा सकता।”
सांसदों के विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में सतीशन ने कहा कि इसका फैसला पार्टी का उच्च नेतृत्व करेगा।
उन्होंने कहा कि सांसद राष्ट्रीय स्तर पर और संसद में काम करते हैं और उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं, इसका फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा किया जाएगा।
सतीशन के निर्वाचन क्षेत्र में सुधाकरन के समर्थन में लगे पोस्टरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने (सतीशन) आरोप लगाया कि वे पोस्टर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा लगाए गए हैं।
कन्नूर से सुधाकरन को चुनाव लड़ाने के समर्थन में पोस्टर उस समय नजर आए, जब विधानसभा चुनाव की उम्मीदवारी को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी नेतृत्व के बीच मतभेद की खबरें सामने आई थीं।
सुधाकरन ने बृहस्पतिवार को दिल्ली में पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक भी की थी और उसके बाद कन्नूर लौट आए, जिसके बाद उन्होंने फेसबुक पर जिले से अपने संबंधों को लेकर भावनात्मक संदेश पोस्ट किया।
भाषा राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


