पति की हत्या के आरोप में महिला और उसके प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

Ads

पति की हत्या के आरोप में महिला और उसके प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 09:49 PM IST

बीड (महाराष्ट्र), नौ जून (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में पति की हत्या की साजिश रचने और इस वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के आरोप में 25-वर्षीय एक महिला और उसके प्रेमी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 27-वर्षीय किरण बंडू सोनवणे का शव एक जून को बीड तहसील के लिंबागणेश-अंजनवती मार्ग पर मिला था। शुरुआती तौर पर ऐसा लगा था कि मोटरसाइकिल चलाते समय वह सड़क दुर्घटना का शिकार हुआ है।

हालांकि, जांच के दौरान नेकनूर पुलिस को मामले में साजिश की आशंका हुई। मृतक के गले पर चोट के निशान मिले थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

नेकनूर पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक मंगेश साल्वे ने बताया कि पुलिस ने मृतक के दो दोस्तों –दशरथ परदेशी और धीरज येडे– को पनवेल से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद सोमवार को सोनवणे की पत्नी प्रियंका सोनवणे (25) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सोनवणे और प्रियंका ने प्रेम संबंध के बाद सात वर्ष पहले विवाह किया था, लेकिन शादी के बाद सोनवणे को शराब की लत लग गई और वह प्रियंका के साथ कथित तौर पर मारपीट करता था।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ महीने पहले प्रियंका का दशरथ परदेशी के साथ प्रेम हो गया था और दोनों ने कथित तौर पर सोनवणे को रास्ते से हटाने की साजिश रची। परदेशी ने अपने मित्र धीरज येडे को भी इस योजना में शामिल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 31 मई को परदेशी और सोनवणे साथ थे। रात में लौटते समय परदेशी, सोनवणे के साथ एक दोपहिया वाहन पर सवार था, जबकि येडे दूसरी मोटरसाइकिल पर उनका पीछा कर रहा था।

एक सुनसान स्थान पर परदेशी ने कथित तौर पर रूमाल से सोनवणे का गला घोंट दिया। इसके बाद दोनों शव को सड़क किनारे एक खाई की ओर घसीटकर ले गए और उसके ऊपर मोटरसाइकिल रख दी, ताकि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे।

पुलिस के अनुसार, फोन रिकॉर्ड से पता चला है कि हत्या वाले दिन परदेशी और प्रियंका के बीच ढाई घंटे से अधिक समय तक बातचीत हुई थी। आरोप है कि अपराध को अंजाम देने के बाद परदेशी ने सबसे आखिर में प्रियंका को ही फोन किया था।

सहायक निरीक्षक साल्वे ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश

शीर्ष 5 समाचार

ताजा खबर