जयपुर, 24 मई (भाषा) राजस्थान के राजसमंद जिले में रविवार को सड़क दुर्घटना में दो बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हादसा सेलगुड़ा गांव के पास आमेट-देवगढ़ राज्य राजमार्ग पर हुआ जब देवगढ़ की ओर से आ रहे ट्रेलर ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीड़ित और मोटरसाइकिल ट्रेलर के नीचे फंस गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रेलर चालक दुर्घटना के बाद फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि ट्रेलर जब्त कर लिया गया है।
थाना प्रभारी ओमसिंह चुंडावत ने बताया कि मृतकों की पहचान आमेट के निवासियों मुकेश जोशी (40), उनके भतीजे कुलदीप (7) और एक अन्य रिश्तेदार लक्षदीप (3) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि लोग ढेलाना में स्थित भेरूजी मंदिर जे रहे थे।
दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए उदयपुर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।
भाषा बाकोलिया जोहेब
जोहेब