कोलाघाट, नौ जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच पार्टी के ‘बागी’ माने जा रहे सांसद दीपक अधिकारी (देव) और जून मालिया ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक में भाग लिया।
यह बैठक पूर्वी मिदनापुर जिले के कोलाघाट में आयोजित की गई थी, जिसमें दोनों सांसदों की मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटनाक्रम उस राजनीतिक विभाजन के एक दिन बाद सामने आया है, जब तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्यों के एक समूह ने दावा किया कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन में एक अलग गुट के रूप में पहचान की मांग की है।
कोलाघाट की बैठक में मेदिनीपुर से सांसद मालिया और घाटल के सांसद देव के अलाव केशपुर विधायक सियुली साहा सहित कुछ अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
सियुली साहा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य जनता के कल्याण के लिए काम करना है, इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री की बैठक में भाग लिया।
वहीं, भाजपा विधायक अशोक डिंडा ने बैठक में तृणमूल कांग्रेस सांसदों की उपस्थिति को राजनीतिक बदलाव का संकेत बताया और कहा कि अब विपक्षी प्रतिनिधियों को भी प्रशासनिक बैठकों में शामिल किया जा रहा है।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा आगामी मानसून में बाढ़ से निपटने की तैयारियों पर चर्चा किए जाने की संभावना है।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव