चेनानी-नाशरी खंड पर दो नयी ‘ट्यूब सुरंगों’ को मंजूरी मिली: जितेंद्र सिंह

Ads

चेनानी-नाशरी खंड पर दो नयी ‘ट्यूब सुरंगों’ को मंजूरी मिली: जितेंद्र सिंह

  •  
  • Publish Date - June 9, 2026 / 03:53 PM IST,
    Updated On - June 9, 2026 / 03:53 PM IST

जम्मू, नौ जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि उधमपुर को रामबन जिले से जोड़ने वाले चेनानी-नाशरी खंड पर मौजूदा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग के समानांतर दो-लेन वाली ‘ट्यूब सुरंगों’ के निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।

सिंह ने इस घटनाक्रम को ‘‘उधमपुर के लिए एक और अच्छी खबर’’ बताया और प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करने के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ते यातायात भार को कम करने में मदद मिलेगी।

सिंह ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का धन्यवाद, जिन्होंने हमारे अनुरोध को स्वीकार करते हुए जम्मू कश्मीर में एनएच-44 पर चेनानी-नाशरी मार्ग पर मौजूदा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग के समानांतर एक नयी दो-लेन वाली ‘ट्यूब सुरंग’ के निर्माण का प्रस्ताव रखा है। इससे इस खंड पर बढ़ते यातायात की भीड़ कम होगी और यात्रा सुगम होगी।’’

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दो अप्रैल, 2017 को किया था।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सुरंग को पहले चेनानी-नाशरी सुरंग के नाम से जाना जाता था। हर मौसम में काम करने में सक्षम 9.28 किलोमीटर लंबी यह ‘ट्विन ट्यूब सुरंग’ एनएच-44 पर स्थित है और लगभग 1,200 मीटर की ऊंचाई पर निचले हिमालय से होकर गुजरती है।

अधिकारियों ने बताया कि इसे भारत की सबसे लंबी सड़क सुरंग माना जाता है और यह जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करती है जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाता है और ‘कनेक्टिविटी’ में सुधार होता है।

भाषा सुरभि पवनेश

पवनेश