दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला, दो घायल
दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद लगी आग, चालक जिंदा जला, दो घायल
जयपुर, 29 जून (भाषा) राजस्थान में बीकानेर जिले के जामसर क्षेत्र में एक बस स्टैंड के पास रविवार रात दो ट्रकों की आमने-सामने की भिड़ंत के बाद उनमें आग लग गई और एक चालक की जलकर मौत हो गयी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा नंबर का ट्रक बीकानेर से श्रीगंगानगर की ओर जा रहा था जबकि बीकानेर नंबर का ट्रक टाइल्स से लेकर बीकानेर की ओर आ रहा था।
पुलिस के अनुसार चालराय बस स्टैंड के पास दोनों ट्रकों की भिड़ंत हो गई जिसके बाद उनके डीजल टैंक फट गए और ट्रक देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गए।
पुलिस ने बताया, हादसे में हरियाणा नंबर के ट्रक का चालक संदीप जयंत (36) केबिन में फंस गया और जलकर मर गया। संदीप उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार दिनेश बिश्नोई और मोहम्मद इब्राहिम नामक दो लोग घायल हो गये और उन्हें प्रिंस बिजय सिंह मेमोरियल (पीबीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार दमकल की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस ने बताया कि आग बुझने के बाद हरियाणा नंबर के ट्रक की चालक सीट पर कंकालनुमा शव मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।
भाषा बाकोलिया
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


